जौनपुर। ज़िले के एक कलयुगी बेटे ने पहले कुल्हाड़ी से काट कर मां की हत्या कर दी। इसके बाद घर में ही उसका शव दफन कर दिया। 4 दिन बाद दुर्गंध आने लगी तो पड़ोसियों ने शंका होने पर पुलिस को फोन किया। गुरुवार को टीम पहुंची तो पूरा मामला सामने आ गया। इसके बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया। मामला नेवढ़िया थाना क्षेत्र के मधुपुर वृंदावन गांव का है।
गांव का निवासी लाल चंद्रपाल नशेड़ी है। बीते 18 अप्रैल की रात अपनी मां बागेश्वरी देवी (70) से नशे के लिए पैसा मांग रहा था। रोज़-रोज़ की आदत से परेशान मां ने मना कर दिया। इस पर वो आग बबूला हो गया और उसने अपनी मां के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी। हत्या पर पर्दा डालने के लिए शव को अपने कमरे के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। इसी बीच 23 अप्रैल को गांव के लोगों को दुर्गंध लगी। चंद्रपाल भी ग़ायब था तो सबको शक हुआ। ग्रामीणों से सूचना मिली तो पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ किया तो उसने सारा जुर्म कबूल कर लिया। घटनास्थल पर ले जाकर उसने शव को दफनाए जाने की जगह बताई। इसके बाद शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।