बिना लाइसेंस के बिहार तक बरसों से कर रहा था सप्लाई
जौनपुर। बाहुबली मुख्तार अंसारी के नजदीकी मछली माफिया को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 12 लाख रुपये क़ीमत की प्रतिबंधित मछली और एक ट्रक बरामद हुआ। मछली माफिया अवैध रूप से बिहार तक आपूर्ति करता था। अपनी कमाई से मुख्तार गैंग के गुर्गों को पालता भी था।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि नगर के जोगियापुर निवासी रविन्द्र कुमार निषाद उर्फ पप्पू मछली माफिया है। अवैध रूप से जौनपुर के आस पास के कई जिलों व सीमावर्ती प्रदेश बिहार में मछली सप्लाई का गिरोह चलाता है।
रविन्द्र कुमार निषाद का सीधा जुड़ाव मुख्तार अंसारी गिरोह से रहा है। मुख्तार के संरक्षण में ये अवैध कारोबार फल-फूल रहा था। इस व्यवसाय से होने वाली काली कमाई मुख्तार गैंग के गुर्गों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में इस्तेमाल करने की बात भी जांच में सामने आई। बरसों से बिना रजिस्ट्रेशन और लाइसेन्स के कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि आंध्र प्रदेश से एक ट्रक में प्रतिबंधित मछली जौनपुर आ रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर जोगियापुर के पास से ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक से 25 किलो प्रतिबंधित मछली मांगूर, 80 कुंतल रोहू व प्यासी मछली बरामद हुई। इसकी कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है। ट्रक चालक आंध्र प्रदेश निवासी बी. नारायण राव को भी गिरफ्तार किया गया है।