शराबी पति ने दहेज के लिये पत्नी को उतारा मौत के घाट
जौनपुर। शराब के नशे में धुत पिता ने मासूम बेटे के सामने ही गोली मारकर गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पिता ने जब मां पर तमंचा ताना तो मासूम बेटा अपनी जान बचाने के लिए झाड़ियों में जा छिपा। इसके बाद उसकी आँखों के सामने ही पिता ने मां के सिर में गोली मार कर मौत की नींद सुला दी। दिल दहला देने ये वाली घटना रविवार रात सरपतहां थाना क्षेत्र के भटौली गांव की है। पुलिस ने आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
आज़मगढ़ के पवई क्षेत्र की नेहा सिंह (25) की शादी दीपक कुमार सिंह से हुई थी। दोनों को चार वर्षीय बेटा युग सिंह था। इन दिनों नेहा गर्भवती भी थी। शादी के बाद से ही आए दिन दीपक एक लाख रुपये दहेज के लिए नेहा को पीटा करता था। रविवार रात करीब 11 बजे भी दीपक शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंच तो नेहा के साथ मारपीट शुरू कर दी। सो रहा युग भी शोर सुन कर उठ गया। इसी बीच पिता को तमंचा निकालता देखा तो युग भाग कर बाहर झाड़ी में छुप गया। फिर उसके देखते ही देखते सनकी पिता ने मां को गोली मार दी। गोली लगते ही वो वहीं ढेर हो गयी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युग को वहां नहीं पाया तो तलाश करने लगे।
सीओ शाहगंज जितेंद्र कुमार दुबे भी टीम के साथ पहुंच गए। उन्होंने भी तलाश शुरू कराई तो झाड़ी से डरे सहमे युग को बरामद कर लिया गया। उसने पूरी वारदात पुलिस को बताई। सूचना पर पहुंचे नेहा के पिता हरिश्चंद्र सिंह की तहरीर पर पति पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।