जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस शहर अध्यक्ष सौरभ शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। अपनी मांग को लेकर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सौरभ शुक्ला ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार की तानाशाही चरम पर है। इस सरकार में पीड़ित, गरीब, मजलूम की मदद करना गुनाह हो गया है। कांग्रेसी किसी की मदद करने जाते हैं तो पुलिस गिरफ्तार कर लेती है। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सोनभद्र (उम्भा) में एक वर्ष पूर्व शहीद हुए आदिवासियों की स्मृति में संवेदना व्यक्त करने पीड़ित परिजन से मिलने जा रहे थे। भदोही गोपीगंज के रास्ते में ही अमानवीय व्यवहार के साथ पुलिस प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस तानाशाही के विरोध में मुख्यमंत्री से यह आग्रह है कि उन्हें रिहा किया जाए। कांग्रेसियों को सताना बंद किया जाए। अन्यथा कांग्रेस जन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर विशाल सिंह हुकुम, मनोज मिश्र, गौरव सिंह सनी, राजन तिवारी, आविश इमाम सनी, वैभव शुक्ला, अशरफ अली, अशरफ खान, इश्तियाक अहमद, चंद्रशेखर, अभिनंदन, अजीत गुप्ता आदि मौजूद रहे। संचालन आज़म जैदी ने किया।