सपा कार्यकर्ताओं ने सदर विधानसभा क्षेत्र में बांटी आह्वान सन्देश की प्रतियां
जौनपुर। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नगर क्षेत्र में आह्वान सन्देश की प्रतियां बांटी। प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए भ्रष्टाचार, अपराध और ग़लत नीतियों का आरोप भी लगाया। नेतृत्व कर रहे समाजवादी युवजन सभा के पूर्व प्रदेश सचिव आरिफ हबीब ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दिशा निर्देश पर पूरे प्रदेश में अभियान चल रहा है।
उन्होंने कहा कि संदेश की प्रतियों के माध्यम से वर्तमान सरकार की गलत नीतियों, भ्रष्टाचार, बलात्कार, हत्या, लूट, छिनैती, बेलगाम बेरोजगारी, गिरती अर्थव्यवस्था, अवसाद में किसानों, नौजवानों द्वारा आत्महत्या, बढ़ते अपराध, असुरक्षित महिलाओं, लॉकडाउन के कारण सडकों पर मज़दूरों की मौत, रोज़गार विहीन देश-प्रदेश, सीमाएं असुरक्षित, पड़ोसियों से बिगड़े सम्बन्ध, देश के रुके हुए विकास के
प्रति जनता को जागरूक किया जा रहा है।
सरकार में अपराध चरम पर है तो अर्थव्यवस्था ज़मींदोज़ हो गयी है। अपराधियों में पुलिस का भय शून्य हो चुका है। पुलिस वालों की खुलेआम हत्या हो रही है। सत्ता के मद में चूर सत्ताधारियों के उत्पीड़न का भी शिकार पुलिस हो रही है। जब रामराज में जनता की रक्षा करने वाली पुलिस सुरक्षित नहीं तो आम जनता की क्या गारंटी। आने वाले दिनों में जनता ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी सरकार में तेज़ गति से चल रहे विकास को पुनः गति देगी। सपा कार्यकर्ताओं की टीम सदर विधानसभा क्षेत्र के अबीरगढ़ टोला वार्ड, जहांगीराबाद, ओलंदगंज, तारापुर तकिया, मछलीशहर पड़ाव, शाही ईदगाह आदि क्षेत्रों में पहुंची। इस दौरान सदर विधानसभा के महासचिव रेयाज़ आलम, सभासद शाहनवाज, सभासद अलमास अहमद, कमालुद्दीन अंसारी, नजमुस्सहर, चन्दन, वसीम अख्तर, अंजुम सिद्दीक़ी, धर्मेंद्र सोनकर, राजन यादव, इरफान मंसूरी, मोहम्मद नसीम बबलू आदि उपस्थित रहे।