देश को आगे लेकर बढ़ रहा आत्मनिर्भर अभियान- महेशचंद्र

0

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
जौनपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर अभियान न केवल कोविद-19 महामारी संकट से लड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है बल्कि एक आधुनिक भारत की पहचान भी बन रहा है। पीएम का आत्मनिर्भर भारत का विजन भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उक्त बातें भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेशचन्द्र श्रीवास्तव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित प्रेसवार्ता में कही।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की खूबियाँ गिनाते हुए कहा कि “वोकल फार लोकल” एण्ड “मेक इट ग्लोबल” को अपनाने से ही अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। भारत विश्व स्तर पर नई ऊँचाईयों को छूने में सफल होगा। आत्मनिर्भर अभियान के तहत एमएसएमई के कल्याण के लिए 16 योजनाएं लागू की गई हैं। दूसरी ओर गरीबों, दलितों, श्रमिकों और किसानों के हित में कई कदम उठाए गये हैं। केन्द्र सरकार ने 12 मई को 20 लाख करोड़ रूपये की आत्मनिर्भर भारत पैकेज की घोषणा की। इसके साथ गांव व गरीब का विशेष ध्यान रखते हुए 1 लाख 70 हजार करोड़ रूपये की पीएम गरीब कल्याण योजना की घोषणा की। किसान सम्मान निधि एवं महिला जनधन खातों में 500-500 रूपये की तीन किश्ते तथा उज्जवला योजना के तहत 8.19 करोड़ से अधिक महिलाओं को तीन गैस सिलेंडर मुफ्त दिये गये। इसके अलावा बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगो को 1000 रूपये की आर्थिक सहायता दी गयी। 80 करोड़ गरीबों व प्रवासी मजदूरों को नवम्बर तक मुफ्त खाद्यान्न दिया जायेगा। एमएसएमई के लिए तीन लाख करोड़ रुपए दिए गये हैं। ग्लोबल टेंडर पर रोक लगाते हुए 200 करोड़ रूपये तक के सरकारी टेंडर स्थानीय लोगों को दिये जाएंगे। “वन नेशन वन कार्ड” योजना लागू होने से गरीब लोग देश में कहीं भी राशन प्राप्त कर सकेगा।इसी तरह एक राष्ट्र एक बाजार लागू होने से किसान अपना उत्पाद देश में कहीं भी बेच सकेगा। खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को मजबूती प्रदान करने के लिए भी सरकार ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। किसानों की मजबूती के लिए 2.50 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड बनाने, एग्री इंफ़्रास्ट्रक्चर पर 1 लाख करोड़ रुपए एवं मनरेगा में 40 हजार करोड़ रूपये की अतिरिक्त राशि खर्च की जायेगी। इसके अतिरिक्त रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया को बढ़ावा, पीपीपी माडल पर अन्तरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे का निर्माण होगा।
प्रधानमंत्री मतस्य संपदा योजना, पशुपालन अवसंरचना विकास कोष, फॉर्मिग रिफार्म्स, फसलों का समर्थन मूल्य सहित अन्य तमाम विषयों पर सरकार ने व्यवस्था निर्धारित की है। इससे देश की जरूरतों के साथ-साथ दूसरों की आवश्यक्ताओं के लिए भी हम सक्षम हो सकेंगे। इससे देश में रोजगार की पूर्ती होगी और भारत विश्व का एक सशक्त राष्ट्र बनकर उभरेगा। कोविड 19 से जीवन संघर्ष में मनरेगा जरूरतमंदो के लिए संजीवनी बनकर उभरा है।
किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार ने फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने के साथ कई फैसले किये हैं। देश में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी ने आपदा को अवसर में बदलने का काम किया है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह व धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री अभय राय ने किया।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)




आप देख रहे है - RAAJDHANI TV
Accept !