भाजपा: सनातन शक्ति है नारी, अनादि काल से सामाजिक दायित्वों का कर रही वहन

0
जौनपुर: भारतीय जनता पार्टी महिला काशी क्षेत्र का प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन सोमवार को भाजपा कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा नम्रता चौरसिया के अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा गीता शाक्य एव राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी और जिलाध्यक्ष भाजपा पुष्पराज सिंह ने सयुक्त रूप से डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य का क्षेत्रीय अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही आये हुये आगन्तुकों का संयोजक मेनका सिंह एवं प्रशिक्षण वर्गाधिकारी रागिनी सिंह ने सयुक्त रूप से स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

राष्ट्र हित में पुरुषों का साथ देती है नारी- गीता शाक्य
प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि नारी हमेशा राष्ट्र हितों के लिए पुरुषों का साथ देने के लिए आगे आई है। चाहे प्रथम स्वतंत्रता आन्दोलन की बात हो या सभी राष्ट्रीय आन्दोलन में नारियों की भूमिका की बात हो, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण के लिए कदम बढ़ाया हैं। नारी वह सनातन शक्ति है जो अनादि काल से सामाजिक दायित्वों का वहन करती आ रही है। किसी भी राष्ट्र के निर्माण में उस राष्ट्र की आधी आबादी की भूमिका की महत्ता से इनकार नही किया जा सकता। आधी आबादी यदि किसी भी कारण से निष्क्रिय रहती है तो उस राष्ट्र या समाज की समुचित और उल्लेखनीय प्रगति के बारे में कल्पना भी नहीं की जा सकती। समय के साथ साथ भारतीय समाज में उत्तर वैदिक काल से ही महिलाओं की स्थिति निम्नतर होती गई और मध्यकाल तक आते आते समाज में व्याप्त अनेक कुरीतियों ने स्त्रियों की स्थिति को और बदतर कर दिया। आधुनिकता के आगमन एवं शिक्षा के प्रसार ने महिलाओं की स्थिति में सुधार लाना प्रारम्भ किया जिसका परिणाम राष्ट्र की समुचित प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर होने के रूप में सामने है। 

राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है भाजपा- विजय पाठक
प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने द्वितीय सत्र में कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्पित है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया। इसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए। कांग्रेस की एकाधिकार वाली एक-दलीय लोकतान्त्रिक व्यवस्था के रूप में जानी जाने वाली भारतीय राजनीति को भारतीय जनता पार्टी ने दो ध्रुवीय बनाकर एक गठबंधन युग के सूत्रपात में अग्रणी भूमिका निभाई है। 

परिवार से लेकर राष्ट्र निर्माण तक करती है मातृशक्ति- सीमा द्विवेदी
तृतीय सत्र में राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने महिला कार्यकर्ताओं के समक्ष चुनौती व राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन में समन्वय विषय पर कहा कि मातृशक्ति अपने परिवार से लेकर राष्ट्र के नवनिर्माण में जो योगदान करती है वह निश्चित ही अनुकरणीय है। परिवार से समाज, समाज से संगठन के मजबूती के लिए भाजपा की कार्यकर्ता हमेशा समर्पित रहती है। यह सुखद अवसर है कि एक सशक्त महिला शक्ति के रूप में द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति चुनी गई हैं।

संघ न होता तो न हटती धारा 370- ऊषा मौर्या
चतुर्थ सत्र को प्रदेश महामंत्री उषा मौर्या ने हमारा विचार, परिवार विषय पर विचार रखते कहा कि हमारी वैचारिक शक्ति ही हमारे संगठन का मजबूत आधार है। भाजपा के साथ कई हमारे अनुशांगिक संगठन समाज जीवन में समग्रता के लिये कार्य कर रहे हैं। हम हमारे सभी संगठनों के कार्य पद्घतियों से प्ररेणा लेकर समाज कल्याण के लिये कार्य करते हैं। हमें अपने विचार परिवार के अनुष्ठान से जुड़ना होगा। संघ न होता तो धारा 370 न हटती, हमारा वैचारिक धरातल संघ है। संघ की कार्ययोजना व भाजपा की सोच, सर्वव्यापी और सर्वग्राही है।

पीएम मोदी की मेक इन इंडिया अवधारणा से हुआ विकास- सुरेंद्र
पंचम सत्र को पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने नए भारत का निर्माण, केंद्र सरकार का महत्व एवं उपयोगिता पर बोलते हुये कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था देश में मजबूत विकास और व्यापार के समग्र दृष्टिकोण में सुधार और निवेश के संकेत के साथ आशावादी रुप से बढ़ रही है। केंद्र सरकार के नये प्रयासों एवं पहल की मदद से निर्माण क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है। निर्माण को बढ़ावा देने एवं संवर्धन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 सितम्बर 2014 को मेक इन इंडिया कार्यक्रम की शुरुआत की ताकि भारत को महत्वपूर्ण निवेश एवं निर्माण, संरचना तथा अभिनव प्रयोगों के वैश्विक केंद्र के रुप में बदला जा सके। मेक इन इंडिया मुख्यत: निर्माण क्षेत्र पर केंद्रित है, लेकिन इसका उद्देश्य देश में उद्यमशीलता को बढ़ावा देना भी है। इसका दृष्टिकोण निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाना, आधुनिक और कुशल बुनियादी संरचना, विदेशी निवेश के लिए नये क्षेत्रों को खोलना और सरकार एवं उद्योग के बीच एक साझेदारी का निर्माण करना है।

संचालन व धन्यवाद..
नगरपालिका अध्यक्ष शाहगंज गीता जायसवाल ने आये महिला पदाधिकारियो का धन्यवाद देते हुये कार्यक्रम की समापन की घोषणा की। संचालन क्षेत्रीय मंत्री पूजा दीक्षित ने की। 

ये रहीं उपस्थित..
क्षेत्रीय महामंत्री महिला मोर्चा बबिता तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कुसुम शर्मा, सुनीता सिंह, नीरू श्रीवास्तव, अर्चना शुक्ला, गीता विश्वकर्मा, कंचन कोरी, वंदना सिंह, प्रतिभा सिंह, सुनीता मिश्रा, माधवी सिंह, कस वर्षा जायसवाल, अनीसा साही, इशिका पाण्डेय, लक्ष्मी गुप्ता, जिलाध्यक्ष कुसुम पटेल, विनीता सिंह, वंदना दुबे, आभा पटेल, रेखा निषाद, आशा बाजपेई, रुचि केशरवानी, आरती अग्रवाल, शिखा रस्तोगी, सविता मिश्रा, पुष्पा सिंह, संगीता सरोज, साधना राय, इंदुबाला सिंह, कनक सिंह, विमला श्रीवास्तव, रिशु सिंह आदि उपस्थित रहीं।

Post a Comment

0Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Post a Comment (0)




आप देख रहे है - RAAJDHANI TV
Accept !